हिमाचल चुनाव: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, सीएम वीरभद्र सिंह यहां से लड़ेंगे चुनाव
विधानसभा की 68 सीटों के लिए नौ नवंबर को चुनाव होने हैं।

कांग्रेस ने नौ नवंबर को होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 59 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की जिसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम शामिल है।
#FLASH Congress releases a list of 59 candidates for Himachal Pradesh Assembly Elections.
— ANI (@ANI) October 18, 2017
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस सूची को अंतिम रूप दिया गया। शिमला (ग्रामीण) सहित बाकी नौ सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा बाद में की जाएगी।
वीरभद्र सिंह को राज्य में अर्की सीट से टिकट दिया गया है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को नादौन सीट से टिकट दिया गया है। वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य का नाम पहली सूची में नहीं है।
सिंह ने दो दिन पहले कहा था कि विक्रमादित्य उनकी शिमला (ग्रामीण) सीट से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने प्रदेश के अपने सभी वरिष्ठ नेताओं को चुनाव में उतार दिया है। राज्यसभा सदस्य विप्लव ठाकुर को देहरा से टिकट दिया है जहां से वह 2012 में हार गई थीं।
इसके साथ ही एआईसीसी सचिव आशा कुमारी, कौल सिंह ठाकुर, जीएस बाली, मुकेश अग्निहोत्रि और गंगा राम मुसाफिर को क्रमश: डलहौजी, दरंग, नगरोटा, हरोली और पच्छाद से उतारा गया है।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस ने नौ सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं क्योंकि इसके लिए कई आकांक्षी हैं। इन सीटों में कुल्लू, मंडी और ठियोग शामिल हैं।राज्य विधानसभा की 68 सीटों के लिए नौ नवंबर को चुनाव होने हैं।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App