पूरे उत्तर भारत में हाई अलर्ट, कल होगा राम रहीम की सजा का ऐलान
डेरा प्रमुख की सुरक्षा में तैनात हरियाणा पुलिस के पांच कर्मियों समेत सात लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया।

X
टीम डिजिटल/हरिभूमि, दिल्लीCreated On: 27 Aug 2017 9:08 PM GMT
हरियाणा सरकार को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि सीबीआई जज जगदीप सिंह व उनके साथ दो सहयोगियों को हेलिकॉप्टर के द्वारा कोर्ट ले जाया जाएगा। सीबीआई कोर्ट में जज जगदीप सिंह सोमवार को डेरा सच्चा सौदा के बाबा राम रहीम के खिलाफ अपना फैसला सुनाएंगे।
राम रहीम को हरियाणा प्रशासन ने रोहतक जेल में रखा है। राम रहीम के खिलाफ फैसला वहीं सुनाया जाएगा। हाईकोर्ट ने ये आदेश जज की सुरक्षा को देखते हुए दिया है। कोर्ट ने यह निर्देश भी दिया है कि कोर्ट रूम में वकील तथा संबंधित अन्य लोग अदालत तक आसानी से पहुंच जाएं ऐसी व्यवस्था की जाएगी।
7 बॉडीगार्ड पर देशद्रोह, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की सुरक्षा में तैनात हरियाणा पुलिस के पांच कर्मियों समेत सात लोगों के खिलाफ देशद्रोह और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। ये लोग 25 अगस्त को डेरा प्रमुख की सुरक्षा में तैनात थे जब पंचकूला की सीबीआई अदालत ने फैसला सुनाया था।
पंचकूला पुलिस (सेक्टर-5) के इंस्पेक्टर करमवीर सिंह ने आज बताया कि सात लोगों के खिलाफ राजद्रोह के आरोप लगाए गए हैं। इनमें पांच हरियाणा पुलिस के कर्मी हैं। उन्होंने बताया कि उन लोगों पर हत्या के प्रयास का भी आरोप लगाया गया है।
पंजाब, हरियाणा में ट्रेन सेवा बहाल
पंजाब और हरियाणा में दिल्ली-रोहतक-बठिंडा खंड को छोड़कर ट्रेन परिचालन बहाल कर दिया गया है। दोनों राज्यों में हिंसा से ट्रेन सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई थी।
रेल मंत्रालय ने आज एक बयान में कहा कि खंड के लिए सुरक्षा मंजूरी का इंतजार है। उपलब्धता और अन्य कारणों से 25 ट्रेन सेवा बहाल नहीं हो पायी। रेलवे ने ट्रेनों की स्थिति के बारे में यात्रियों को ऑनलाइन या टेलीफोन से जानकारी लेने को कहा है।
मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दोषी ठहराये जाने के बाद हरियाणा और पंजाब में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। ऐसे में अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवायें यहां मंगलवार तक बंद रहेंगी।
मोबाइल इंटरनेट और डाटा सेवायें बंद करने के लिए पहले ही अधिसूचना जारी कर दी गई थी। मोबाइल इंटरनेट सेवाएं मंगलवार तक बंद ही रहेंगी। यह दोनों राज्य हाई अलर्ट पर हैं और कुछ संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू भी लगाया गया है।
घर जाने के लिए मुहैया होगी बस
सिरसा प्रशासन ने डेरा मुख्यालय को छोड़ने के इच्छुक गुरमीत राम रहीम के अनुयायियों को बस प्रदान करने का फैसला किया है। डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों ने कल सिरसा में डेरा मुख्यालय को छोड़ना शुरू किया था जहां वे डेरा प्रमुख को बलात्कार का दोषी ठहराये जाने से पहले एकत्र हुए थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा 'जिला प्रशासन ने डेरा अनुयायियों को चार से पांच हरियाणा रोडवेज की बसें मुहैया करने का फैसला किया है, ताकि वे घर जा सकें। सेना और अर्द्धसैनिक बलों ने डेरा मुख्यालय के भीतर मौजूद डेरा अनुयायियों से अपील की है कि वे इलाके को खाली कर दें।
डेरे में एक लाख लोगों की उम्मीद
पुलिस और प्रशासन लाउडस्पीकर के जरिये नियमित घोषणा करके विशाल परिसर के भीतर मौजूद लोगों को खाली करने का अनुरोध कर रही है। साथ ही वे कड़ी निगरानी कर रहे हैं।
शुक्रवार को पंचकूला में विशेष सीबीआई अदालत द्वारा डेरा प्रमुख को दोषी ठहराये जाने के बाद हुई हिंसा में सिरसा में चार लोगों की मौत हुई थी और 58 लोग घायल हुए थे। एक अनुमान के मुताबिक डेरा मुख्यालय में महिलाओं और बच्चों समेत तकरीबन एक लाख लोग मौजूद हैं।
शामली में कल बंद रहेंगे स्कूल
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को कल सजा सुनाए जाने के मद्देजनर स्कूल बंद रहेंगे। इस जिले की सरहद हरियाणा से लगती है। शामली जिला अधिकारियों ने जिले को हरियाणा से जोड़ने वाली सड़कों को सील कर दिया है।
यूपी के सीमावर्ती जिलों में कड़ी सुरक्षा
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मेरठ जोन) प्रशांत कुमार ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि जोन के सभी नौ जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जोन में शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ और गौतमबुद्ध नगर जिले शामिल हैं। गुरमीत राम रहीम सिंह की अगुवाई वाले पंथ के 15 आश्रमों का निरीक्षण किया गया है।
डेरा हिंसा : हरियाणा, पंजाब में असहज शांति
हिंसा से प्रभावित पंजाब और हरियाणा के कुछ जिलों में आज कर्फ्यू में ढील दी गयी। यहां आज असहज शांति देखने को मिली। हरियाणा में कल से कहीं से भी हिंसा की किसी वारदात की खबर नहीं है। सुरक्षा बलों को हालांकि अब भी यहां अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों ने कहा कि जिन जगहों पर कर्फ्यू लगा था वहां आज ढील दी जा रही है।
रोहतक व जेल में कड़े सुरक्षा इंतजाम
उन्होंने कहा कि राज्य में शांति है। रोहतक की सुनारिया जेल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं जहां सीबीआई अदालत के जज कल 50 वर्षीय राम रहीम के खिलाफ सजा का ऐलान करेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कल जब सजा का ऐलान होगा तब किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाये रखी जाये। सजा के ऐलान के लिये न्यायाधीश को हेलिकॉप्टर के जरिये रोहतक की सुनारिया जेल ले जाया जायेगा।
संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ाई
पंजाब में भी कई संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च किया और संवेदनशील इलाकों में कड़ी चौकसी रखी जा रही है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कल शाम कहा कि पंजाब ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
सिंह आज पंजाब के कुछ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और वहां लोगों तथा सुरक्षा बलों को शांति बनाये रखने के लिये मुबारकबाद देंगे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
Next Story