महम विधायक को खून से पत्र लिख कर नशा रोकने के लिए लगाई गुहार
युवक ने आरोप लगाया कि महम शहर में नशे (हेरोइन) का कारोबार कई बड़े लोगों की शह पर किया जा रहा है और पुलिस भी उन पर हाथ नहीं डाल रही। जिस पर विधायक ने थाना प्रभारी को बुलाकर समस्या का समाधान करने की बात कही।

महम विधायक बलराज कुंडू ने शुक्रवार को हिसार रोड पर स्थित नगर पालिका कार्यालय में खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। कार्यक्रम में बिजली, पानी व अतिक्रमण सहित अन्य समस्याएं सामने आई। वहीं, एक युवक ने अपने खून से लिखे पत्र से नशा रोकने की गुहार लगाई। युवक ने बताया कि महम शहर के हर गली नुक्कड़ पर नशे का कारोबार हो रहा है।
नशाखोरी में अधिकतर युवा संलिप्त है। उक्त युवक ने आरोप लगाया कि महम शहर में नशे (हेरोइन) का कारोबार कई बड़े लोगों की शह पर किया जा रहा है और पुलिस भी उन पर हाथ नहीं डाल रही। जिस पर विधायक ने थाना प्रभारी को बुलाकर समस्या का समाधान करने की बात कही।
विधायक ने लोगों से विस्तृत चर्चा के बाद उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया। इसके अलावा अन्य समस्याओं का समाधान करने बारे भी लोगों का आश्वस्त किया। विधायक ने बताया कि नगर पालिका कार्यालय में मासिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो कार्यक्रम पाक्षिक भी किया जा सकता है।
विधायक ने कहा कि हलका वासी उनके पास शिकायत लेकर आ सकते है। जनसमस्याओं बारे अधिकारियों की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए वह कोई भी कठोर कदम उठा सकते हैं। विधायक ने लोगों से भ्रष्टाचार का साथ न देकर इसे उखाड़ फैंकने में उनका साथ देने की बात कही।
विधायक के सामने जब एक महिला हाउस टैक्स की शिकायत लेकर आई तो विधायक ने अपनी जेब से 20 हजार रुपये हाउस टैक्स में जमा कर महिला की मदद की। इसके अलावा एक महिला को दवाई के नाम पर 22 हजार रुपये की आर्थिक मदद की। इस अवसर पर नपा पार्षद रमेश दहिया, विनोद कृष्ण नेहरा, बंटी सिंहमार, धर्मवीर ठेकेदार, वेद प्रकाश धवन, पार्षद प्रतिनिधि जोगेंद्र खुराना व बसंत लाल गिरधर सहित कई अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App