पद्मावत फिल्म विवाद: हरियाणा के 33 थिएटर में ''पद्मावत'' रिलीज, सूरजपाल सहित 18 गिरफ्तार
हरियाणा के डीजीपी बीएस संधू ने कहा कि पद्मावत फिल्म बुधवार की रात से हरियाणा के 9 जिलों के 33 सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है और इस दौरान कहीं भी हिंसा नहीं हुई लेकिन करणी के महासचिव और पूर्व भाजपा नेता सूरजपाल अमू को गिरफ्तार कर लिया है।

संजय लीला भंसाली की विवादास्पद फिल्म पद्मावत आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रिलीज हुई। वहीं गुरुग्राम पुलिस ने करणी के महासचिव और पूर्व भाजपा नेता सूरजपाल अमू को गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा के डीजीपी बीएस संधू ने बताया कि ये फिल्म हरियाणा के 9 जिलों के 33 सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है।
हरियाणा में सोनीपत, यमुनानगर, पंचकूला, सिरसा, करनाल, कुरूक्षेत्र और फतेहाबाद सहित कुछ स्थानों पर सिनेमा घर और मल्टीप्लेक्स मालिकों ने अपनी सम्पत्तियों को उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ के भय से फिल्म दिखाने से इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि स्थिति शांतिपूर्ण रही।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारियों द्वारा शांतिभंग के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए सिनेमाघरों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रीराजपूत करणी सेना और राजपूत यूथ ब्रिगेड जैसे संगठनों के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों द्वारा दी गई धमकियों के बावजूद चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर लोग संजय लीला भंसाली की फिल्म देखने के लिए मल्टीप्लेक्स गए।
यद्यपि हरियाणा के यमुनानगर जिले में फिल्म पद्मावत प्रदर्शित नहीं हुई हालांकि स्थिति नियंत्रण में थी। यमुनानगर में दो थिएटरों उप्पल और डिम्पल ने फिल्म प्रदर्शित करने से इनकार कर दिया जबकि जिला पुलिस ने भरोसा दिया कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया ने कहा कि यमुनानगर में दो मॉल में फिल्म नहीं दिखायी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है और असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही है। सोनीपत में भी पुलिस ने कहा कि सिनेमा और मल्टीप्लेक्स के बाहर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि सोनीपत में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। उन्होंने उन खबरों से इनकार किया कि सोनीपत में प्रदर्शनकारियों ने एक सिनेमा घर में फिल्म रोक दी। लुधियाना, अमृतसर और पटियाला में सिनेमा हाल और मल्टीप्लेक्स के बाहर भारी सुरक्षा इंतजाम किये गए हैं।
फिल्म देखने वाले विवादास्पद फिल्म देखने को लेकर रोमांचित थे लेकिन कई मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल ने कानून व्यवस्था समस्या की आशंका जताते हुए फिल्म प्रदर्शित करने से परहेज किया। यहां मिली खबरों के मुताबिक अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा, मोगा, जालंधर, चंडीगढ़, मोहाली, गुरूग्राम, सोनीपत और नूह में फिल्म कड़ी सुरक्षा के बीच रिलीज हुई।
फिल्म प्रेमी सुधीर ने कहा कि फिल्म का विरोध करने का कोई कारण नहीं है। समाज में अन्य कई मुद्दे हैं जिस पर लोग विरोध कर सकते हैं। चंडीगढ़ में एक मल्टीप्लेक्स ऐसे लोगों की लंबी कतार लगी थी। मोहाली में अपने परिवार के साथ फिल्म मल्टीप्लेक्स पहुंचे पंकज ने कहा कि चाहे कोई फिल्म का कितना भी विरोध करे, मैं इसे देखूंगा।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App