Haryana: अब यमुना नदी पार करके नहीं जा सकेंगे प्रवासी मजदूर, जाने क्यों
लाकडाउन (Lockdown) के चलते अनेक श्रमिक पैदल ही हरियाणा के रास्ते यमुना नदी (Yamuna River) पार कर यूपी में प्रवेश कर रहे हैं इसी को लेकर अब हरियाणा प्रशासन द्वारा अवैध तरीके से जाने वाले लाेगों पर सख्ती बढ़ते हुए घाटों पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया है। वहीं सिंचाई विभाग के एसडीओ ने सोमवार को गुमथला क्षेत्र में नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया है।

यमुनानगर। लॉकडाउन (Lockdown) में फंसे प्रवासी मजदूरों का यमुना नदी के रास्ते पलायन रोकने के लिए हरियाणा प्रशासन (Haryana Administration) ने नदी के घाटों पर कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। ताकि कोई भी प्रवासी मजदूर नदी के रास्ते पलायन(Getaway) ना कर सके। सोमवार को सिंचाई विभाग के एसडीओ जसबीर सिंह ने गुमथला क्षेत्र में यमुना नदी के घाटों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
एसडीओ जसबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने गुमथला घाट का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान यमुना नदी में चलाई जाने वाली नाव बंद मिली है। वहीं कोई भी प्रवासी नदी किनारे घूमता नहीं दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि प्रवासी मजदूरों का पलायन रोकने के लिए नदी के घाटों पर कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। ताकि नहरों व नदियों के बीच से मूवमेंट करने वाले प्रवासी मजदूरों को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि जो प्रवासी मजदूर मूवमेंट कर रहे हैं, उन्हें रोककर प्रशासन की ओर से होम शेल्टरों में रखा जा रहा है। जिन्हें बाद में उनके निर्धारित स्थान पर पहुंचा दिया जाएगा। किसी भी प्रवासी को चोरी छिपे जाने की जरूरत नहीं है।