दो दिन पहले नहर में कूदी विवाहिता को ढूंढने पहुंची एनडीआरएफ
फरीदाबाद के खेड़ी पुल से दो दिन पहले 12 दिसंबर को आगरा नहर में कूदी भारत कालोनी निवासी विवाहिता मन्नू को ढूंढने के लिए शनिवार को एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया

फरीदाबाद के खेड़ी पुल से दो दिन पहले 12 दिसंबर को आगरा नहर में कूदी भारत कालोनी निवासी विवाहिता मन्नू को ढूंढने के लिए शनिवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने नहर में मन्नू को ढूंढना शुरू कर दिया। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका।
इधर, मायके वालों की शिकायत पर ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने उसके ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार होडल पलवल निवासी नेत्रपाल के अनुसार बेटी मन्नू की शादी इसी साल 9 मार्च को भारत कालोनी निवासी विकास उर्फ विक्की के संग की थी।
आरोप है कि ससुराल वाले मन्नू को दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। यह बात मन्नू ने कई बार मायके वालों को बताई थी। उन्होंने अपने स्तर पर उसके ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, मगर नतीजा कुछ नहीं निकला। प्रताड़ना से तंग आकर दो दिन पहले 12 दिसंबर को शाम 7.25 बजे मन्नू ने खेड़ी पुल से आगरा नहर में छलांग लगा ली थी।
उसके मोबाइल व पर्स पुल किनारे रखे मिले थे, जिनसे उसकी पहचान हुई। एनडीआरएफ टीम ने शुक्रवार को खेड़ी पुल से बड़ौली पुल के बीच मन्नू को तलाश किया। पानी ठंडा होने के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है।
क्या कहते है थाना प्रभारी
खेड़ी पुल थाना प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि मन्नू के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मन्नू की तलाश की जा रही है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App