Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

मौसम की जानकारी : ठंड का सितम जारी, हिसार में तापमान शून्य डिग्री से नीचे पहुंचा

दुनिया के दूसरे सबसे सर्द रिहायशी इलाके द्रास में पारा -20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह औसत न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री रहा।

Mausam Ki Jankari: हरियाणा में बारिश ने बदला मौसम, अभी भी कई जिलों में ठंडक
X
Mausam Ki Jankari: हरियाणा में बारिश ने बदला मौसम, अभी भी कई जिलों में ठंडक

देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में ठंड का कहर जारी है। शनिवार को हरियाणा में जहां हिसार का तापमान शून्य से (-0.1 डिग्री सेल्सियस) नीचे चला गया वहीं, राजस्थान के पांच शहरों में भी तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा, बिहार, मप्र समेत कई राज्यों में शीतलहर चल रही है। उत्तर भारत में रिकॉर्ड तोड़ ठंड ने जनजीवन को थाम दिया है। पारा यहां नए रिकॉर्ड बना रहा है।

दुनिया के दूसरे सबसे सर्द रिहायशी इलाके द्रास में पारा -20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह औसत न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री रहा। लोधी रोड पर तापमान 1.7 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में सर्दी की वजह से एक झरना जम गया। हरियाणा में भी सर्दी शनिवार को कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

हिसार में शनिवार इस सीजन में ठंडा रहा। सुबह के समय हिसार शिमला और मनाली से भी ठंडा रहा। यहां का पारा -0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला का रात्रि पारा 4.0 व मनाली का 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पारे में आई भारी गिरावट के कारण मैदानी इलाकों में पाला जमा गया। प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से रेल तथा बस सेवाएं प्रभावित रही। कई एरिया में बिजली आपूर्ति पर भी असर पर पड़ा।

इन जिलों में ये हाल

शहर पारा

-नारनौल 0.5

-करनाल 1.5

-रोहतक 1.8

-सिरसा 2.0

-गुरुग्राम 2.4

-फरीदाबाद 2.4

-भिवानी 3.9

-अंबाला 4.1

-कुरुक्षेत्र 4.2

यह बोले मौसम वैज्ञानिक

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि वर्तमान में उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते रात्र के पारे में इतनी अधिक गिरावट आई है। 29 और 30 दिसंबर तक उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने की संभावना है, जिससे रात्रि तापमान में गिरावट आने और पाला पड़ने की संभावना बन गई है। 30 दिसंबर से हवा में बदलाव आने तथा उत्तर पूर्वी या पूर्वी हो जाने की संभावना है, जिससे रात्रि तापमान में बढ़ोतरी तथा 31 दिसंबर देर रात्रि से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल सकता है। फिर दो से तीन दिन तक बारिश की संभावना बन रही है।

लद्दाख का द्रास -20 डिग्री

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के करगिल जिले के द्रास में तापमान -20 डिग्री तक पहुंच गया है। द्रास को दुनिया के दूसरे सबसे ठंडे रिहायशी इलाके में गिना जाता है। उच्च हिमालयी इलाकों में भारी बर्फबारी से तापमान में यह जबर्दस्त गिरावट आई है।

राजस्थान का शेखावटी -4 डिग्री

राजस्थान में भी ठंड रेकॉर्ड तोड़ रही है। शनिवार को शेखावटी में पारा लुढ़ककर -4, जबकि सीकर में -1 पर चला गया। जबर्दस्त शीत लहर के कारण शुक्रवार को भी पारे ने रेकॉर्ड तोड़ा था। जयपुर में पारा पांच साल बाद फिर 4 डिग्री तक गिर गया। जयपुर जिले के जोबनेर में -1 डिग्री दर्ज किया गया। फतेहपुर में तापमान शुक्रवार को -3, माउंट आबू में -1, चुरू में -.6 दर्ज किया गया। इन जिलों में सर्दी का आलम यह है कि सुबह छतों, खेतों और गाड़ियों में पाले की परत जमी दिखाई दे रही है।

दिल्ली का लोधी रोड 1.7 डिग्री

देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को मौसम की सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। शनिवार सुबह को दिल्ली का औसत पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। लोधी रोड (1.7), आया नगर (1.9) में तापमान और कम था। शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रेकॉर्ड किया गया था। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाके कोहरे की चपेट मे हैं।

उत्तर प्रदेश का मथुरा 2 डिग्री, 28 मौतें

सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में ठंड से 28 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में चार दिनों से लगातार शीतलहर चल रही है। पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी से यहां के लोगों का जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। मथुरा का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सूबे में मथुरा सबसे ठंडा जिला रहा।

हिमाचल का किलोंग -11.5 डिग्री

उच्च हिमालयी इलाकों में जोरदार बर्फबारी से घाटियों और मैदानी इलाकों में पारा तेजी से गिरा है। उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी रेकॉर्ड तोड़ रही है। केदरनाथ और बद्रीनाथ बर्फ से लकदक हैं। शनिवार को पिथौरागढ़ में तापमान .5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल के किलोंग में पारा गिरकर -11.5 पर आ गया।

मध्य प्रदेश का पंचमढ़ी 1.2 डिग्री

मध्य प्रदेश भी शीत लहर की चपेट में है। हिल स्टेशन पंचमढ़ी में तापमान 1.2 डिग्री तक पहुंच गया है।

पंजाब का बठिंडा 2.3डिग्री

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री और लुधियाना में 5.6 डिग्री, जबकि बठिंडा में 2.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया।

यातायात प्रभावित

ठंड का असर यातायात पर भी पड़ रहा है। ट्रेन लेट हैं और फ्लाइट्स का रूट डायवर्ट किया गया। अब तक की जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण चार उड़ानों की दिशा बदली जा चुकी है। वहीं, देशभर में 194 ट्रेनें देरी से चल रही हैं जबकि 71 ट्रेनों के रूट डायवर्ट करने पड़े हैं। कोहरे की वजह से ही 11 ट्रेनों का समय बदला गया था।

सेहत पर असर

बढ़ती सर्दी बच्चों को भी रुलाने लगी है। यूपी के सरकारी अस्पतालों के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में सर्दी की चपेट में आने से रोजाना 500 बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं। यही नहीं, निमोनिया और कोल्ड डायरिया से जूझ रहे करीब 50 बच्चे रोज भर्ती भी किए जा रहे हैं। केजीएमयू में तो हालत यह है कि यहां एक बेड पर दो-दो बच्चों का इलाज चल रहा है।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story