Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

लोकसभा चुनाव 2019ः कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा और भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने दाखिल किया नामांकन

कांग्रेस नेता एवं रोहतक से मौजूदा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को लोकसभा चुनावों के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। तीन बार से सांसद दीपेंद्र ने अपने नामांकन-पत्र में बताया है कि उनके पास 8.30 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है।

लोकसभा चुनाव 2019ः कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा और भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने दाखिल किया नामांकन
X

कांग्रेस नेता एवं रोहतक से मौजूदा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को लोकसभा चुनावों के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। तीन बार से सांसद दीपेंद्र ने अपने नामांकन-पत्र में बताया है कि उनके पास 8.30 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र ने रोहतक जिले के निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया।

इस मौके पर दीपेंद्र के साथ उनकी मां आशा हुड्डा और पत्नी श्वेता मिर्धा भी थीं। दीपेंद्र के पिता भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा में विधायक हैं, लेकिन वह भी सोनीपत से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। रोहतक सीट पर दीपेंद्र का मुकाबला सत्ताधारी भाजपा के उम्मीदवार अरविंद शर्मा से होगा।

निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक, 41 वर्षीय दीपेंद्र के पास 8.30 करोड़ रुपए से अधिक की चल संपत्ति है। साल 2014 में उनके पास करीब 4.44 करोड़ रुपए की चल संपत्ति थी। दीपेंद्र की पत्नी के पास 5.25 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है।

बहरहाल, कांग्रेस सांसद की अचल संपत्ति में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पांच साल पहले उनके पास 11.77 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति थी जबकि अभी उनके पास 10.32 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 20.84 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। दीपेंद्र और उनकी पत्नी के पास उत्तराखंड और राजस्थान में खेती की जमीनें भी हैं।

कांग्रेस सांसद पर 18.46 लाख रुपए जबकि उनकी पत्नी पर दो करोड़ रुपए की देनदारियां हैं। सांसद की ओर से दिए गए हलफनामे के मुताबिक, उनकी पत्नी ने उनसे दो करोड़ रुपए का कर्ज लिया है।

वित्तीय वर्ष 2017-18 में विभिन्न स्रोतों से दीपेंद्र की आय 3.69 करोड़ रुपए रही जबकि स्व-रोजगार करने वाली उनकी पत्नी की आय 11.65 लाख रुपए रही। कांग्रेस नेता के पास 13,45,284 रुपए नगद जबकि उनकी पत्नी के पास 1,12,500 रुपए नगद है। दंपति के पास करीब 1.60 करोड़ रुपए के आभूषण हैं।

हलफनामे के मुताबिक, दीपेंद्र के पास फोर्ड एंडेवर नाम की एक एसयूवी है। उन्होंने अजमेर के मेयो कॉलेज और दिल्ली के डीपीएस आर के पुरम स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने रोहतक स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से बी.टेक और अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी के केली स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए किया है।

इस बीच, हाल में भाजपा में शामिल हुए पार्टी उम्मीदवार अरविंद शर्मा (56) ने भी रोहतक सीट से अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया। पेशे से दंत-चिकित्सक रहे शर्मा ने 1.41 करोड़ रुपए की चल संपत्ति घोषित की है। उनकी पत्नी रीता शर्मा के पास 1.39 करोड़ रुपए की संपत्ति है। अरविंद शर्मा पर देनदारी 90 लाख रुपए है जबकि उनकी पत्नी पर 77 लाख रुपए की देनदारी है।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story