हरियाणा में कल होगा मंत्रियों का शपथ ग्रहण, 8 से 9 मंत्री ले सकते हैं शपथ
हरियाणा में सीएम खट्टर और डिप्टी सीएम के बाद अब उनके मंत्री गुरुवार को सुबह 11 बजे मंत्री पद की शपथ लेंगे। 8 से 9 मंत्री शपथ ले सकते हैं।

हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। इस बैठक में शाह ने सीएम द्वारा तय किए गए मंत्रियों के नामों पर मुहर लगा दी है। मंत्री बनने के लिए 13 नाम दौड़ में चल रहे हैं।पहले विस्तार में 8 या 9 विधायकों को ही मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है।
शाह के साथ बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के प्रभारी डॉ अनिल जैन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और संगठन मंत्री सुरेश भट्ट भी मौजूद रहे। इस बैठक के दौरान शाह ने मंत्रिमंडल में हर वर्ग का ध्यान रखने को कहा है, ताकि कोई भी वर्ग छूटने न पाए। इधर, राज्यपाल भी बिहार से वापस चंडीगढ़ लौट आए हैं।
हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। इस बैठक में यह तय हुआ कि हर लोकसभा से कम से कम एक मंत्री का प्रतिनिधित्व हो। इसका पूरी तरह ध्यान रखा गया है। किस मंत्री की कितनी शिक्षा और कितना राजनीतिक अनुभव है, पार्टी के टिकट पर कितनी बार जीते हैं। इस तरह के सारे पॉइंट ध्यान में रखे गए हैं। वहीं, हर वर्ग को मंत्रिमंडल में जगह देने की भी कोशिश है। इसके साथ ही जिन विधायकों को मंत्री पद दिया जाना है, उनको आज चंडीगढ़ पहुंचने का न्योता मिलेगा। क्योंकि राजभवन में इनको शपथ दिलाई जाएगी।
हर वर्ग के विधायकों का रखा गया ध्यान
ऐसा हो सकता है कि तीन से चार मंत्रियों को बाद में शपथ दिलाई जाए। ऐसे में 8 या 9 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जा सकती है। बाद में मंत्रिमंडल का एक और विस्तार हो सकता है। मंत्री बनने की रेस में पूर्व मंत्री अनिल विज, पूर्व विधानसभा स्पीकर कंवरपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल का नाम सबसे आगे हैं।
वहीं, अहीरवाल से अभय सिंह यादव भी रेस में हैं। वहीं ब्राह्मण कोटे से बल्लभगढ़ से मूलचंद शर्मा, बड़खल से सीमा त्रिखा भी मंत्री बन सकती हैं। इसके साथ ही पलवल से दीपक मंगला, हिसार से डॉ कमल गुप्ता व सुधीर सिंगला भी मंत्री पद की रेस में हैं।
वहीं जाट कोटे से जेपी दलाल, महीपाल ढांडा, कमलेश ढांडा के अलावा निर्मल चौधरी में से एक को मंत्री बनाया जा सकता है निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह और महम के विधायक बलराज कुंडू के नाम भी चल रहे हैं। दूसरी बार विधायक बने हरविंद्र कल्याण का नाम भी मंत्री पद के लिए चल रहा है। जजपा के कोटे से रामकुमार गौत्तम, गुहला से विधायक ईश्वर सिंह और उकलाना विधायक अनूप धानक के नाम भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App