हरियाणा : साफ मौसम होते ही शुरु हुई जबरदस्त ठंड, नारनौल में पारा न्यूनतम 2.5 डिग्री पहुंचा
हरियाणा समेत इस समय उत्तर भारत के कई राज्य कड़ाके की ठंड पड़ रही है, प्रदेश में मौसम साफ होते ही पारा और गिर गया। नारनौल में न्यूनतम पारा 2.5 दर्ज किया गया।

दो-तीन दिन पड़ी दिन की सर्दी के बाद अब आसमान साफ होने के कारण रात को भी जबरदस्त ठंड होने लगी है। वहीं दिन के तापमान में बुधवार को थोड़ा सुधार हुआ है। बुधवार को दिन में धूप खिली, जबकि रात को खेतों में पाला पड़ा। रात को नारनौल का न्यूतनम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
गत साल 2018 में 20 दिसंबर को भी 2.5 डिग्री तापमान रहा था। जो इस सर्दी के सीजन की सबसे ठंडी रात थी। वहीं दिन के समय धूप खिला। जिसके कारण अधिकतम तापमान 19.0 पर आ गया। जो मंगलवार के मुकाबले 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे दिन के समय लोगों ने राहत की सांस ली।
गत गुरुवार को हुई ओलावृष्टि व बारिश के बाद से सोमवार तक ठंडी हवाएं चली। जिसके कारण दिन का तापमान काफी कम हो गया था। सर्द हवाओं के कारण लोगों का हाल बेहाल था। वहीं दिन के समय बादल भी छाए रहते थे। मंगलवार को हालांकि दिन के समय सर्द हवाएं नहीं चली मगर दिन में बादल छाए रहे। कभी-कभी सूर्य देव ने दर्शन भी दिए। जिसके कारण मंगलवार को दिन का तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं सोमवार को दिन का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि बुधवार को दिन के समय ठंडी हवाएं भी नहीं चली तथा आसमान भी साफ रहा। जिसके कारण दिन में धूप खिली। इससे लोगों ने तीन-चार दिन से दिन के समय पड़ रही तेज ठंड से राहत की सांस ली। लोगों ने धूप का मजा लिया तथा घरों की छतों पर बैठकर धूप सेका।
रात हुई सर्द, 2.5 पर आया रात का पारा
जहां बुधवार को दिन में लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं मंगलवार-बुधवार की रात को इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। बुधवार को क्षेत्र का न्यूतनम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो मंगलवार के मुकाबले 4.9 डिग्री सेल्सियस कम था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अचानक न्यूनतम तापमान में हुई इस गिरावट के कारण रात के समय लोगों को जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ा।
पड़ा पाला, फसलों को हो सकता है नुकसान
क्षेत्र में इस सीजन का पहला पाला भी पड़ा। खेतों में सफेद पट्टी नजर आ रही थी। जिसके कारण फूूल आ रही सरसों की फसल को नुकसान होने की संभावना है। हालांकि हाल ही में बारिश हुई थी। जिसके कारण नुकसान होने की संभावना कम है, वहीं दिन के समय धूप खिल गया। मौसम के जानकारों को कहना है कि अगर रात को लगातार पाला पडे़े तथा दिन में धूप न खिले तो फूलों पर असर पड़ सकता था। जिससे सरसों की फसल को नुकसान हो सकता था।
कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार
सतनाली मंडी। क्षेत्र में सर्दी एवं शीतलहर के तेवर और तीखे होते जा रहे हैं। क्षेत्र में बुधवार अलसुबह घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे से वाहन चालक परेशान रहे। वहीं आमजन जीवन भी प्रभावित हुआ। कोहरा दोपहर करीब 12 बजे तक जारी रहा और दृश्यता न्यूनतम रही। घने कोहरे के कारण वाहन चालाकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा और वाहन लाइटें जलाकर रेंगते हुए दिखाई दिए।
सप्ताहभर से चल रही तीखी ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुराए रखा। लोग जगह-जगह सर्दी से बचाव हेतु अलाव तापते नजर आए। दिनोंदिन सर्दी का प्रकोप बढ़ता ही होता जा रहा है और भारी ठंड के बीच बच्चों को ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ रहा है। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से सर्दी के तल्ख होते जा रहे तेवरों को देखते हुए कम से कम छोटे बच्चों की जल्द से जल्द अवकाश घोषित करवाए जाने की मांग की है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App