Haryana Assembly Election 2019: मनीष ग्रोवर बोले- जनता की पूंजी है सरकार का खजना, अरविंद शर्मा ने कहा- ब्राह्मण समाज को दिया सम्मान
भगवान परशुराम आश्रम जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य कर रही है।

राज्य सरकार का जो खजाना है वह वास्तव में प्रदेश की जनता की पूंजी है और इस राशि को जनता के कल्याण के लिए विकास कार्यों पर ही खर्च किया जाएगा। ये बात रविवार को सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने सेक्टर 2 में भगवान परशुराम आश्रम जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही।
खट्टर के नेतृत्व में बिना भेदभाव हुआ विकास
ग्रोवर ने कहा कि विकास के मामले में किसी भी क्षेत्र को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन जनसेवा के लिए समर्पित है और आम जनता के लिए उनके द्वार 24 घंटे खुले हैं।
समिति की मांग पर उन्होंने कहा कि परशुराम आश्रम में जो भी निर्माण कार्य करवाना है, उसका नक्शा तैयार करके उपलब्ध करवाया जाए ताकि निगम के माध्यम से भवन का निर्माण करवाया जा सके। ग्रोवर ने ये भी कहा कि उन्होंने वर्ष 2018 में भी परशुराम आश्रम के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि दी थी।
ब्राह्मण समाज को दिया सम्मान
सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार ने ब्राह्मण समुदाय को पूरा मान-सम्मान दिया है। लोकसभा चुनाव में ब्राह्मण समुदाय के दो प्रत्याशियों को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ब्राह्मण समुदाय के लोगों को टिकट दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 को समाप्त कराने में रोहतक लोकसभा की भी एक वोट है। इसलिए इस धारा को समाप्त कराने में पूरे लोकसभा क्षेत्र की जनता का योगदान है।
शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा देकर प्रदेश से जाति-पाति को समाप्त किया है और सबका साथ सबका विकास के आधार पर सरकार कार्य कर रही।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App