पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के बदले तेवर, बोले पार्टी का हर फैसला मंजूर
कांग्रेस हाई कमान ने हरियाणा चुनावों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चुनाव समिति की कमान सौंपी है। जिसके बाद नाराज चल रहे हुड्डा के तेवर बदल गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि पार्टी का हर फैसला मंजूर है।

हरियाणा चुनावों की घोषणा से पहले कांग्रेस कुनबे की रार को दूर करने में कामयाब रही है। कांग्रेस हाई कमान के फैसले से भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुश हैं। प्रदेश की कांग्रेस चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद भूपेंद्र हुड्डा ने पार्टी का हर फैसला मंजूर होने की बात कही है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रतिक्रिया दी है। हुड्डा ने कहा कि जो पार्टी ने फैसला किया है वो सोच समझकर लिया होगा। उन्हें पार्टी का हर फैसला मंजूर है। सब लोग इकट्ठा होकर मजबूती के साथ लड़ेंगे।
भाजपा की नाकामियां बताएंगे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों में भाजपा की लोगों को नाकामियां बताएंगे। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकाल में किए गए कार्यों को बताएंगे। ताकि लोग कांग्रेस के ऊपर दोबारा से भरोसा करें।
भाजपा कहने से क्या होगा
भाजपा के अबकी बार 75 पार नारे को लेकर कहा कि ये लोग कहेंगे कि 90 में से 110 सीटें जीतेंगे। तो यह कहने से इनको कोई रोकने वाला थोड़ी है। प्रदेश में कौन कितनी सीटें जीतेगा ये फैसला लोग करेंगे। प्रदेश का प्रजातंत्र यह फैसला करेगा।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App