हरियाणा में सीआईडी के बाद नया बवाल, स्वास्थ्य विभाग में 447 डॉक्टरों की भर्ती पर लगाई ब्रेक
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज के साथ इन दिनों एक के बाद एक विवाद समाने आ रहे हैं। अब हरियाणा में डॉक्टरों की भर्ती पर रोक लगा दी गई है।

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। हरियाणा में सीआईडी को लेकर अभी बवाल थमा भी नहीं था कि एक और विवाद ने जन्म ले लिया है। अब सूबे में डॉक्टरों की भर्ती को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग में 447 डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया पर सीएमओ ने रोक लगा दी है।
इस भर्ती प्रक्रिया को सीएम की मंजूरी के बाद ही चालू किया गया था। इसके लिए 1 जनवरी को एक विज्ञापन जारी कर आवेदन मांगे गए थे। अब तक करीब इस भर्ती के लिए 500 से ज्यादा आवेदन विभाग में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग अनिल विज के पास
सीएमओ की तरफ से अचानक इस भर्ती प्रक्रिया पर अचानक रोक से सरकार में ही विवाद बढ़ सकता है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया विभाग ने शुरू की थी, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया को रोक दिया गया है। विज ने कहा ऐसा क्यों किया जा रहा है, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।
पहले हो चुकी है 900 डाॅक्टरों की भर्ती
मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल में करीब 900 डॉक्टरों की भर्ती सीधे इंटरव्यू के माध्यम से की थी। इंटरव्यू के जरिए डॉक्टरों की भर्ती करने का विधेयक भी विधानसभा में पास किया गया था।