इतिहास रच गई हरिभूमि की हाफ मैराथन, हजारों धावकों ने दौड़ कुंभ में डाली आहुति
हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

हाफ मैराथन में हजारों धावकों ने देश और प्रदेश को स्वास्थ्य और स्वच्छता का संदेश दिया। हरिभूमि द्वारा आयोजित इस मैराथन ने प्रदेश में इतिहास भी रच दिया है। यह पहला मौका था जब 4 हजार से ज्यादा युवाओं, बुजुर्गों, लड़कियों, महिलाओं और बच्चों ने दौड़ लगाई।
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु व उनकी पत्नी डॉ. एकता सिंधु ने धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एक साथ दौड़ लगाते 15 साल के बच्चे और 65 वर्ष के वृद्ध का उत्साह देखते ही बनता था। खास बात यह रही कि रोहतक की इस मैराथन में पहली बार विदेशी धावकों ने भी दम दिखाया।
राजीव गांधी खेल परिसर में सुबह 5:55 बजे शुरू हुए इस आयोजन में पुरस्कार वितरण सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने किया। इस मौके पर श्याम इंडस के निदेशक मेजर सत्यपाल सिंह सिंधू, हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. कुलबीर छिक्कारा, हरिभूमि के संपादक ओमकार चौधरी, लगातार चार बार से डीफ-ओलंपिक विजेता गूंगा पहलवान बीरेंद्र सिंह समेत शहर की अनेक गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।
जाग रहा है युवा
कार्यक्रम में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना था। जिस तरह दौड़ में हिस्सा लेने के लिए अलग-अलग उम्र के धावकों ने जोश दिखाया उससे साफ हो गया है कि अब युवा जाग रहा है, हम जागरुक हो रहे हैं, देश खेलों में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आठ साल से हरिभूमि मैराथन का आयोजन करता आ रहा है। उम्मीद है कि भविष्य में इससे भी बड़ा आयोजन होगा। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश और देश के लोगों को दीपावली की शुभकानाएं भी दी।
शनिवार रात से ही आने लगे धावक
21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ के लिए शामिल होने के लिए शनिवार रात को ही धावकों का राजीव गांधी खेल परिसर में पहुंचना शुरू हो गया था।
रविवार सुबह चार बजे तो स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में धावकों की इतनी भीड़ हो चुकी थी कि यहां का नजारा किसी उत्सव से कम दिखाई नहीं दे रहा था। ढोल की थाप और जुंबा के स्टेप पर युवक-युवतियां जमकर थिरके।
10 किलोमीटर लड़कों की दौड़ में पहला पुरस्कार पवन ने जीता। लड़कियों में अमित कौर ने बाजी मारी। पांच किलोमीटर की दौड़ में लड़कों में नवीन और लड़कियों में तन्नु ने पहला स्थान प्राप्त किया।
धावकों को मौके पर ही इनामी राशि के चेक दिए गए। 21.1 किलोमीटर वाली दौड़ के परिणाम वेबसाइट पर डाले जाएंगे। मैराथन में कुल चार लाख रुपये के पुरस्कार वितिरित किए गए। दौड़ के रूटों पर चिप लगाई गई थी और पेयजल की व्यवस्था कई स्थानों पर रही।
हरिभूमि ने सामाजिक सरोकार निभाया
समापन के मौके पर प्रदेश के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरिभूमि शुरू से ही सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समय समय विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। आज की हाफ मैराथन उसी का एक हिस्सा है।
मंत्री ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम हरिभूमि द्वारा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की बेहतर खेल नीतियों के कारण आज युवा नशे छोड़कर खेलों में हिस्सा लेने लगा है।
ये हरियाणवी समाज में बड़े बदलाव का संकेत है। ग्रोवर ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पधार्ओं में हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं। गौरव की बात यह है कि भारतीय सेना में हर दसवां जवान हरियाणा का है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App