अंबाला : दो महिलाओं सहित 6 बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर लाखों लूटे
24 सितंबर को उनके घर पर दो महिलाएं आई थी, जो किराए का मकान चाहती थी। किराए के मकान की बात पक्की होने के बाद आरोपित महिला ने अगले दिन उनके मकान में शिफ्ट होने की बात कही थी।

शहर के राम नगर स्थित एक मकान की दो किरायेदार महिलाओं सहित 6 लोगों ने मकान मालिक के परिवार की महिलाओ को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती डाल दी। किरायेदार महिलाएं एक रात पहले ही इस मकान में शिफ्ट हुई थी। वारदात के बाद पुलिस टीमें सक्रिय हो गई है और आरोपितों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
मकान मालिक सुरिंद्र कुमार ने बताया कि 24 सितंबर को उनके घर पर दो महिलाएं आई थी, जो किराए का मकान चाहती थी। किराए के मकान की बात पक्की होने के बाद आरोपित महिला ने अगले दिन उनके मकान में शिफ्ट होने की बात कही थी। इसके बाद उक्त महिला ने सुरिंद्र कुमार के परिवार को फोन कर रोजाना बहाने लगाने शुरू कर दिए और कई दिन बीत गए।
बुधवार शाम को आरोपित महिला व उसके साथ एक अन्य महिला आई और रात को शिफ्ट होने की बात कही। सुरिंद्र कुमार के परिवार ने उन दोनों महिलाओं को अपने घर पर खाना खिलाया और रात को ही अपने मकान की ऊपरी मंजिल का हिस्सा रहने के लिए दे दिया। वीरवार सुबह सुरिंद्र कुमार अपनी दुकान जनता वॉच कंपनी पर चले गए।
उनका बेटा पढ़ने के लिए चला गया। घर पर केवल उनकी बुजुर्ग माता राजरानी व पत्नी अंजलि थे। सुबह करीब 10 बजे दोनों किराएदार महिलाओ ने सुरिंद्र की पत्नी अंजलि को कहा कि उन्होने पाठ रखा है वह पाठ में आ जाए। इसके बाद अंजलि उनके कमरे में चली गई। जैसी ही अंजलि किराएदार के कमरे मे गई तो वहां पहले से ही चार युवक थे, जिन्होंने उस पर लोहे के हथियार से हमला किया और बंधक बना लिया।
बाद में किराएदार महिलाओ ने अंजलि की सास राजरानी को अपने कमरे में बुला लिया और उसे भी बंधक बना लिया। इसके बाद महिलाओें के साथी बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर अंजलि व उसकी सास से घर के लाकर व अलामारियों की चाबी ले ली। इस दौरान घर मे काम करने वाली रीना नाम की महिला भी आ गई थी, जिसकी सिर पर बदमाशों ने वार कर उसे भी बंद कर दिया।
लॉकर व अलमारियों की चाबी लेकर बदमाशों ने घर का सारा सोना व नकदी लूट ली और फरार हो गए। करीब तीन चार घंटे बाद घर की बंधक महिलाओं ने एक दूसरे के हाथ की रस्सियों को खोला और लोगों को इक्टठा किया। बदमाश इस घर से करीब 15 तोले सोने के जेवर व 25 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए हैं।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App