ऑस्कर विनिंग सॉन्ग नाटू नाटू को किसने लिखा और गाया, गाना शूट करने के पीछे भी एक रोचक किस्सा
आरआरआर फिल्म के नाटू नाटू सॉन्ग ने ऑस्कर अवॉर्ड जीत लिया है। इसके जीत की खुशी भी काफी ज्यादा देखने को मिल रही है। खैर, इस गाने को लिखने और गाने वालों के बारे में भी बात कर लेते हैं। साथ ही, कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित ने सॉन्ग को बनाने की कहानी पर भी एक नजर डाल लेते हैं।

आरआआर फिल्म के सॉन्ग की कास्ट
Naatu Naatu Song: एसएस राजमौली की फिल्म आरआरआर ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाल दिखाया था। अब ऑस्कर अवॉर्ड में भी फिल्म के सॉन्ग ने भारत का परचम लहराया है। गोल्ड ग्लोब अवॉर्ड में खिताब जीतने के बाद अब ऑस्कर पुरस्कार में भी नाटू नाटू सॉन्ग ने धूम मचा दी है। इस सॉन्ग के अवॉर्ड जीतने की खबर ने बॉलीवुड सेलेब्स से लेकर आम लोगों को भी बेहद खुश कर दिया है। आज आपके साथ ऑस्कर अवॉर्ड विनिंग सॉन्ग नाटू नाटू के लेखक, कंपोजर, सिंगर और तमाम कास्ट की जानकारी सांझा कर रहे हैं। इतना ही नहीं, सॉन्ग की शूटिंग से जुड़े एक रोचक किस्से के बारे में भी आपको बता रहे हैं।
ऑस्कर अवॉर्ड 2023 में धमाल मचाने वाले आरआरआर फिल्म के नाटू नाटू सॉन्ग को मशहूर संगीतकार एमएम कीरवानी ने कंपोज किया है। वहीं, श्रेय चंद्रबोस ने इसे लिखा है। नाटू नाटू को अपनी दमदार आवाज काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज ने दी है। गाने की वीडियो को भी लोगों का खूब प्यार मिला है। सॉन्ग को राम चरण और जूनियर एनटीआर पर फिल्माया गया है। इस सुपरहिट सॉन्ग के डांस स्टेप को भी काफी ज्याद पसंद किया गया है। अब सवाल उठता है कि इसके कोरियोग्राफर कौन है। नाटू नाटू सॉन्ग को कोरियोग्राफ किया है प्रेम रक्षित ने। उनके काम की काफी सराहना भी फिल्म मेकर्स कर चुके हैं। इस सॉन्ग के ऑस्कर जीतने के बाद प्रेम का वो बयान याद आ गया है, जिसमें उन्होंने नाटू नाटू को बनाने की प्रक्रिया के बारे में बताया था।
नाटू नाटू को बनाने में लगा था इतना समय
प्रेम रक्षित ने कहा था कि इस गाने को उन्होंने एक चुनौती की तरह लिया था। किसी स्टार के साथ काम करना आसान होता है, लेकिन सुपरस्टार्स का अपना एक अलग अंदाज होता है। ऐसे में दो अलग स्टाइल को एक साथ एनर्जी में ढालना काफी बड़ा चैलेंज था। इस गाने को कोरियोग्राफ करने में दो महीने का समय लग गया था। उन्होंने बताया कि गाने को शूट करने में 20 दिन का लंबा समय लगा था। 43 रीटेक्स के बाद शूटिंग पूरी हुई थी और बिल्कुल परफेक्शन के साथ काम पूरा किया गया था। प्रेम ने इस बात का जिक्र भी किया था कि वो खुद पर एक प्रेशर महसूस कर रहे थे। दोनो सुपरस्टार को परफेक्ट डांस स्टेप्स के साथ दिखाने का। इस वजह से उन्होंने दोनों को एक जैसी एनर्जी में दिखाया था।
ऑस्कर से पहले सॉन्ग ने जीते थे ये अवॉर्ड
लोगों के दिलों को जीतने के साथ ही आरआरआर फिल्म के इस गाने ने कई अवॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। ऑस्कर अवॉर्ड से पहले एसएस राजमौली की फिल्म के इस गाने ने गोल्डन ग्लोब, क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड और LA फिल्म क्रिटिक्स सर्कल पुरस्कार भी जीता है।