Rajpal Yadav case: 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में फंसे राजपाल यादव के लिए अभिनेता सोनू सूद ने अपना सपोर्ट जताया है। जमानत सुनवाई से पहले सोनू ने उन्हें कोर्ट से राहत मिलने की प्रार्थना की।

Rajpal Yadav case: अभिनेता राजपाल यादव के 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में आज (16 फरवरी) दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। एक्टर ने 5 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद बॉलीवुड के कई सेलेब्स उनके सपोर्ट में उतरे थे और उन्हें आर्थिक मदद दी। इसी बीच राजपाल यादव को सबसे पहले आर्थिक मदद देने वाले अभिनेता सोनू सूद ने उनकी सुनवाई से पहले उन्हें राहत मिलने की कामना की है।

सोनू सूद ने जताया सपोर्ट

राजपाल यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई से पहले सोनू ने सोशल मीडिया पर अपना समर्थन जताया। सोनू सूद ने 16 फरवरी को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- आज का दिन हमारे भाई राजपाल यादव भाई के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम प्रार्थना करते हैं कि सब कुछ ठीक हो जाए और उन्हें न्याय मिले। वे एक बेहतरीन प्रतिभा के धनी और एक नेक इंसान हैं। हमें इस प्रयास को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए, हम उनके साथ खड़े हैं और तब तक प्रयास जारी रखेंगे जब तक सब कुछ ठीक नहीं हो जाता।"

दिल्ली हाईकोर्ट में 12 फरवरी को राजपाल यादव की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी। अदालत ने शिकायतकर्ता को जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी के लिए निर्धारित की है। इससे पहले 5 फरवरी को राजपाल यादव ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था, क्योंकि अदालत ने समय बढ़ाने की उनकी अपील खारिज कर दी थी।

क्या है पूरा मामला?

यह कानूनी विवाद वर्ष 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने बतौर निर्देशक अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए लोन लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल नहीं कर सकी, जिसके बाद वह कर्ज में डूब गए। इसी सिलसिले में उनपर 9 करोड़ रुपये का चेक बाउंस का मामला सामने आया, जो अब अदालत में विचाराधीन है।

सूत्रों के अनुसार, कुल 5 करोड़ रुपये की देनदारी में से अब तक 2.5 करोड़ रुपये चुकाए जा चुके हैं। यह जानकारी राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी जैन ने साझा की थी।

रिहाई के बाद करेंगे बात
राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने मीडिया से बातचीत में उम्मीद जताई है कि अभिनेता जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। उन्होंने कहा कि रिहाई के बाद राजपाल स्वयं मीडिया और अपने प्रशंसकों से बातचीत कर मामले पर पूरी स्पष्टता देंगे।