'कांतारा' मिमिक्री विवाद को लेकर अब अभिनेता रणवीर सिंह बढ़ा कदम उठाने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार वह कर्नाटक हाई कोर्ट में संशोधित माफी देंगे और चामुंडी मंदिर जाकर प्रार्थना क्षमा याचना करेंगे।

Ranveer Singh kantara Controversy: इस समय फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता का स्वाद चख रहे अभिनेता रणवीर सिंह कोलेकर बड़ी खबर आई है। ‘कांतारा’ फिल्म के एक सीन की नकल करना रणवीर को इतना भारी पड़ गया कि अब ये कानूनी मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। लेकिन अब एक्टर ने बड़ा फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर कर्नाटक हाईकोर्ट में नया माफीनामा दाखिल करने जा रहे हैं। जानिए क्या है पूरी खबर...

संशोधित माफी देने को तैयार रणवीर

ताजा जानकारी के मुताबिक, रणवीर सिंह ने कर्नाटक हाईकोर्ट को बताया है कि वह इस मामले में संशोधित (रिवाइज्ड) माफीनामा दाखिल करने के लिए तैयार हैं। उनके वकील, सीनियर एडवोकेट साजन पूवय्या ने जस्टिस एम नागप्रसन्ना के समक्ष यह बात रखी।

रणवीर ने अपने हलफनामे में कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उस समय उन्हें यह एहसास नहीं था कि उनकी हरकत से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।

मंदिर जाकर करेंगे प्रार्थना
अपने माफीनामे में रणवीर सिंह ने यह भी कहा कि वह जल्द ही देवी के मंदिर जाकर प्रार्थना करेंगे। यह कदम वह अपनी गलती के लिए सम्मान और श्रद्धा प्रकट करने के तौर पर उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि वह मुंबई के सिंधी परिवार में पले-बढ़े हैं और कुछ सांस्कृतिक संवेदनशीलताओं के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। इसके लिए उन्होंने एक बार फिर बिना शर्त माफी मांगी।

शिकायतकर्ता ने जताई आपत्ति
हालांकि, इस मामले के शिकायतकर्ता प्रशांत मेथल ने कहा कि रणवीर का माफीनामा पूरी तरह से सच्चे पछतावे को नहीं दर्शाता। उनका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ऋषभ शेट्टी ने खुद रणवीर को मिमिक्री न करने का इशारा किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ऐसा किया।

वहीं, रणवीर के वकील ने भरोसा दिलाया कि वह शिकायतकर्ता के साथ बैठकर माफीनामे की भाषा को बेहतर करेंगे और नया हलफनामा कोर्ट में पेश करेंगे।

कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले की अगली सुनवाई 23 अप्रैल तक के लिए टाल दी है।

क्या है पूरा विवाद?
यह विवाद पिछले साल 28 नवंबर को गोवा में आयोजित IFFI कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। मंच पर रणवीर सिंह ने ‘कांतारा’ में ऋषभ शेट्टी के किरदार की मिमिक्री की थी, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया। उस दौरान ऋषभ शेट्टी ने उन्हें ऐसा करने से मना भी किया था, लेकिन मामला यहीं से तूल पकड़ गया।

पहले भी मांग चुके हैं माफी
इससे पहले भी रणवीर सिंह सोशल मीडिया पर इस मामले में माफी मांग चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य केवल ऋषभ शेट्टी के शानदार अभिनय की तारीफ करना था, न कि किसी की भावनाओं को आहत करना।