रामायण के टीज़र पर अब ‘ओरिजिनल सीता’ यानी दीपिका चिखलिया का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने इसे ग्रैंड और खूबसूरती से बना हुआ बताते हुए फिल्म के लिए उत्साह बढ़ा दिया है।

Ramayana Teaser: रामायण के मच अवेटेड टीज़र ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। टीज़र में रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में दिखाया गया है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच टीवी की ‘ओरिजिनल सीता’ दीपिका चिखलिया ने भी इस टीज़र पर अपना रिएक्शन दिया है।

दीपिका चिखलिया ने क्या कहा?

80 के दशक में रामानंद सागर के धारावाहिक 'रामायण' में दीपिका चिखलिया ने माता सीता का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई थी। अब उन्होंने हाल ही में इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्हें नितेश तिवारी निर्देशित रामायण का टीज़र काफी पसंद आया। उन्होंने कहा-
"मैंने टीज़र देखा और यह बहुत भव्य है। बहुत ही शानदार लग रहा है। उन्होंने इसे बहुत अच्छे से बनाया है। अब मैं फिल्म का इंतजार कर रही हूं और यह फिल्म बहुत खूबसूरत लग रही है, इसमें कोई शक नहीं।"

पुरानी रामायण से आज तक कायम है पहचान

दीपिका चिखलिया ने रामायण धारावाहिक में सीता का किरदार निभाया था, जो आज भी भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय शोज में गिना जाता है। उनके इस किरदार को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि आज भी उन्हें ‘सीता’ के रूप में ही याद किया जाता है।

नई रामायण की स्टार कास्ट

रामायण का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी नमित मल्होत्रा के पास है। फिल्म में साई पल्लवी- सीता, यश- रावण, सनी देओल- हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे।

यह फिल्म 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है। रामायण दो भागों में रिलीज होगी—पहला पार्ट इस साल दिवाली पर और दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा।