Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

स्वतंत्रता दिवस 2018: टीवी कलाकारों ने दी अपनी राय, भारत कैसे बन सकता है सशक्त

भारत तभी सशक्त होगा, जब हम सब देश के विकास में अपना योगदान देंगे, देश के प्रति अपने फर्ज को अदा करेंगे। देश के प्रति अपना फर्ज वही अदा करते हैं, जो सच में देश से प्रेम करते हैं।

स्वतंत्रता दिवस 2018: टीवी कलाकारों ने दी अपनी राय, भारत कैसे बन सकता है सशक्त
X

भारत तभी सशक्त होगा, जब हम सब देश के विकास में अपना योगदान देंगे, देश के प्रति अपने फर्ज को अदा करेंगे। देश के प्रति अपना फर्ज वही अदा करते हैं, जो सच में देश से प्रेम करते हैं।

शशांक व्यास

मेरी नजर में सच्चा देशप्रेमी वो है, जो नागरिक होने के नाते देश के प्रति अपने कर्त्तव्यों का पालन करे। करप्शन जैसे जुर्म से बचे, समझे कि घूस लेना ही नहीं बल्कि देना भी अपराध है।

स्वच्छता अभियान में भागीदार बने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते समय उसे कोई नुकसान न पहुंचाए। इसी तरह ऐतिहासिक धरोहरों पर अपना नाम-पता लिखकर उसकी खूबसूरती को ना बिगाड़े।

जहां तक सवाल देश को और भी सशक्त बनाने का है तो मेरे मुताबिक इसके लिए जिस तरह हमसे किसी जॉब या प्रोफेशन के लिए कोई कोर्स या डिग्री मांगी जाती है, उसी तरह देश चलाने के लिए यानी नेता बनने के लिए भी एक पर्टिकुलर डिग्री डिसाइड होनी चाहिए।

मेरा मानना है कि जब समझदार लोग, राजनीति में आएंगे तो वे देश को सशक्त बनाने के लिए ज्यादा डेडिकेटेड होंगे। जबकि आज ऐसा नहीं है, इसलिए तो नासमझ लोग भी पैसे के बल पर नेता बने हुए हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि लोग यह सूरत बदलेंगे और हमारे देश की बागडोर सही हाथों में होगी।

बरखा बिष्ट

एक अच्छा इंसान ही सच्चा देशभक्त होता है, क्योंकि उसे अपनी जिम्मेदारी का अहसास होता है, वह हर किसी की मदद के लिए तैयार रहता है। छोटे-बड़े सभी के साथ एक-सा व्यवहार करता है।

ऐसे व्यक्ति ना सिर्फ समाज, बल्कि देश और आगे चलकर दुनिया को भी बदलते हैं। मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि मैं एक ऐसे प्रोफेशन से बिलॉन्ग करती हूं, जहां हम अपने आर्ट से भी कई बातें एक्सप्रेस करते हैं।

देश और समाज को बदलने वाले मैसेज पब्लिक तक पहुंचा सकते हैं। जहां तक बात देश को और भी पावरफुल बनाने की है तो मैं कहूंगी कि हमारा देश तभी सशक्त बनेगा, जब देश का बच्चा-बच्चा पढ़ा-लिखा होगा, लोगों की संकुचित सोच दूर होगी, हमारे गांवों का विकास होगा।

आज भी गांवों में भोजन, पानी, बिजली और शिक्षा जैसी जरूरतों को पूरा करना बाकी है। मेरा मानना है, जब गांव-गांव बदलेगा, तो देश तरक्की करेगा। सरकार के साथ-साथ इसके लिए एक नागरिक के रूप में हम सभी को भी प्रयास करने की जरूरत है।

मोहित मलिक

मेरे हिसाब से सच्चा देशप्रेमी वो है, जो दूसरों की मदद करे। किसी की मदद करने के पीछे निस्वार्थ भाव हो। मदद इस मकसद से ना हो कि इससे उसका नाम रोशन हो। इसके अलावा जब देश के लोगों में आपस में प्यार और अपनापन होगा, तभी देश आगे बढ़ेगा।

देश सेवा के और कई तरीके हैं। मेरे हिसाब से हर कोई अपनी-अपनी तरफ से कंट्रीब्यूट कर सकता है, जैसे एक स्पोर्ट्समैन ओलंपिक में हिस्सा लेकर और मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करता है।

इसके साथ ही अगर हम अपने देश को और भी शक्तिशाली बनाना चाहते हैं तो हम सबको अपनी सोच बदलनी होगी, आज भी हमारे देश में कई कुरीतियां हैं, उन्हें दूर करना हम सबका फर्ज है। देश तभी आगे बढ़ेगा जब बच्चे-बुजुर्ग, पुरुष और महिलाएं सब मिलकर एक साथ आगे आकर देश के विकास में अपना योगदान देंगे।

दलजीत कौर

हर वह सैनिक जो देश की रक्षा कर रहा है, वह मेरी नजर में सबसे बड़ा देशप्रेमी है। इसके अलावा वह इंसान भी देशभक्त है, जो हर एक काम देश के विकास के लिए करता है और देश के विकास के लिए लोगों को प्रोत्साहित भी करता।

ऐसे ही लोग देश को बदलते हैं, सशक्त बनाते हैं। हर नागरिक ऐसा कर सकता हैं, छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। जैसे स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों का हिस्सा बनकर हम अपने देश को बेहतर बनाने में योगदान दे सकते हैं।

मेरा मानना है कि हमें इन सारे अभियानों को गंभीरता से लेना चाहिए, पहले घर, फिर मोहल्ले, शहर तक इन बातों को लेकर जागरुकता फैलानी चाहिए। इसके अलावा मेरा मानना है कि हमें देश में ऐसा माहौल भी बनाना होगा, जिसमें महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करें। ऐसा होने पर ही वे सशक्त बनने की तरफ कदम बढ़ा पाएंगी। इससे भी देश मजबूत और खुशहाल बनेगा।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story