दिल्लीः घरेलू सहायिका से दुष्कर्म के आरोप में मेजर के खिलाफ मामला दर्ज
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सेना के एक मेजर के खिलाफ घरेलू सहायिका से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को कहा कि दुष्कर्म की यह वारदात जुलाई की है जिस दिन सहायिका के पति ने कथित तौर पर खुदकुशी की थी।

X
टीम डिजिटल/हरिभूमि, दिल्लीCreated On: 1 Oct 2018 6:20 AM GMT
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सेना के एक मेजर के खिलाफ घरेलू सहायिका से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को कहा कि दुष्कर्म की यह वारदात जुलाई की है जिस दिन सहायिका के पति ने कथित तौर पर खुदकुशी की थी।
महिला ने आरोप लगाया है कि मेजर और उसके रिश्तेदार ने उसके पति की हत्या की है। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत पर 25 सितंबर को दिल्ली छावनी थाने में मामला दर्ज किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि मेजर ने 12 जुलाई को उससे दुष्कर्म किया और उसी दिन उसके पति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि मेजर ने उसके पति को किसी काम से बाहर भेज कर उसे अपने कमरे में बुलाया। इनकार करने पर मेजर ने उसे मारा, कमरे में खींच कर ले गया और उससे दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि पति जब वापस लौटा तो उसने मेजर को उसके साथ दुर्व्यवहार करते देखा जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ और आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। यह भी आरोप है कि मेजर ने पीड़िता को उसकी बात नहीं मानने पर और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी थी।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को यह पता चला कि महिला के पति ने सर्वेंट क्वार्टर में खुदकुशी की थी जहां वह रहते थे। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म की घटना के बाद भी महिला मेजर के घर पर काम कर रही थी।
पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
Next Story