दिल्ली/ द्वारका में दुष्कर्म पीड़िता को जहर पीने को मजबूर किया
द्वारका जिले के हस्तसाल क्षेत्र में ट्यूशन से घर लौट रही 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता को बाइक सवार दो लोगों ने कथित रूप से जहर पीने को मजबूर किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

X
टीम डिजिटल/हरिभूमि, दिल्लीCreated On: 13 Jan 2019 5:46 AM GMT Last Updated On: 13 Jan 2019 5:46 AM GMT
द्वारका जिले के हस्तसाल क्षेत्र में ट्यूशन से घर लौट रही 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता को बाइक सवार दो लोगों ने कथित रूप से जहर पीने को मजबूर किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार की है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़की ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह जब ट्यूशन से लौट रही थी तो बाइक सवार दो लोगों ने उसे रास्ते में रोका और कहा कि अगर वह दुष्कर्म आरोपी के खिलाफ अदालत में बयान देती है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हालांकि उसके द्वारा ऐसा करने से मना करने पर उन दोनों ने उसे जबरन जहर पिलाया। उन्होंने बताया इसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।
अधिकारी ने बताया कि लड़की अर्धबेहोशी की स्थिति में दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल एक ऑटोरिक्शा से पहुंची। अब वह खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को लड़की पुलिस के पास पहुंची और इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ उत्तम नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दुष्कर्म आरोपी के सहयोगियों ने लड़की को अदालत में बयान देने से रोकने के लिए जहर देने की कोशिश की। इसकी पुष्टि की कोशिश की जा रही है।
दुष्कर्म का आरोपी हाल ही में जमानत पर बाहर आया है। रनहोला पुलिस थाने में 2018 में आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था।
उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है और दोषियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
Next Story