एलसी गोयल ने पद से दिया इस्तीफा, राजीव महर्षि बने नए गृह सचिव
गोयल की गृह सचिव के रूप में नियुक्ति पांच फरवरी को की गयी थी।

नई दिल्ली. लगता है कि एलसी गोयल को गृह मंत्री राजनाथ सिंह की नाराजगी महंगी पड़ी जिसके चलती उन्हे अपना पद छोड़ना पड़ा और अब उनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजीव महर्षि को केन्द्रीय गृह सचिव नियुक्त किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री को बताया था कि गोयल के काम अटकाने के रवैये से मंत्रालय का काम प्रभावित हो रहा है। प्रधानमंत्री ने इसके तुरंत बाद गोयल को गृह सचिव पद से हटाने का फैसला कर लिया था। इसकी जानकारी गृह सचिव को बुलाकर दी गई। गोयल को आश्वस्त किया गया कि उनके सम्मान को बनाए रखा जाएगा।
दिलचस्प बात ये है कि महर्षि की नियुक्ति की खबर प्रधानमंत्री कार्यालय से आयी। इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री ने केरल कैडर के 1979 बैच के आईएएस अधिकारी गोयल के आग्रह को मान लिया है। उन्होंने निजी कारणों से तत्काल प्रभाव से सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आग्रह किया था।
गौरतलब है कि गोयल की गृह सचिव के रूप में नियुक्ति पांच फरवरी को की गयी थी। उनसे पहले के गृह सचिव अनिल गोस्वामी को बर्ख्रास्त किया गया था। गोस्वामी ने शारदा चिट फंड घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व केन्द्रीय मंत्री मतंग सिंह को गिरफ्तार करने से सीबीआई को रोकने का कथित प्रयास किया था।
सूत्रों का कहना है कि गोयल ने मंत्रालय के अधिकारियों के कामकाज का आवंटन भी अपने मन से कर दिया था। उन्होंने गृह मंत्री को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में राजनाथ गोयल द्वारा किए गए नए कार्य आवंटन को रुकवा दिया।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App