केजरीवाल पर संकट, दवा घोटाले की जांच शुरू
आप के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा के आरोपों के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने दवा गोदामों पर तलाशी ली।

दिल्ली की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने सरकारी अस्पतालों में दवाओं की खरीद में घोटाले के आरोपों की जांच शुरु कर दी है। ये आरोप दिल्ली सरकार के बर्खास्त मंत्री कपिल मिश्रा ने लगाए थे।
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के सूत्रों ने बताया कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं और विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली जा रही है। एसीबी, दिल्ली सरकार से दवाओं की खरीद से जुडी जानकारी मांग सकती है।
मिश्रा ने दावा किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के कहने पर दिल्ली सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों के दवाओं की खरीद के अधिकार को खत्म कर दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया, जैन ने खुद यह स्वीकार किया है कि दवाओं की खरीद के लिए 300 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। दिल्ली सरकार तो कहती है कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए उसने सबसे ज्यादा बजट रखा है तो फिर ऐसे में दवाओं की कमी कैसे हो गई? यह एक घोटाला है।
चेहरा उजागर
भाजपा की दिल्ली इकाई ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर सार्वजनिक तौर पर उसके कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने की कोशिश करने वालों को ‘चुप करने और दबाने' का आरोप लगाया।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में बर्खास्त किये गए आप के मंत्री कपिल मिश्रा के साथ कल धक्कामुक्की और लोक निर्माण विभाग में कथित घोटाला उजागर करने वाले एक व्यक्ति पर गोलीबारी के प्रयास ने केजरीवाल सरकार के ‘आपराधिक चेहरे' को उजागर कर दिया है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App