सूरजपुर : कांग्रेसी अभय गुप्ता ने बीजेपी नेता और महिलाओं पर किया हमला, तनाव के हालात
विवाद के दौरान कांग्रेसी नेता ने भाजपा नेता सहित महिलाओं पर डण्डे से हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों के सिर पर चोटें आई हैं। पढ़िए पूरी खबर-

सूरजपुर। सूरजपुर के रामानुजनगर में कांग्रेसी नेता अभय गुप्ता ने पुराने विवाद को लेकर बीजेपी मंडल अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि के साथ मारपीट किया है। इस मारपीट में चार लोग घायल हुए हैं, जिसमें दो महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं के सिर पर चोटें आई हैं। एक महिला की हालत गंभीर है। विवाद के बाद गांव में तनाव को देखते हूए मारपीट के आरोपी को जिला मुख्यालय सूरजपुर कोतवाली में लाकर रखा गया है।
आपको बता दें कि सियासत का केन्द्र माने जाने वाले रामानुजनगर सियासत से उपजे विवाद के बाद एक बार फिर से सुर्खियों में है। सांसद प्रतिनिधि जयप्रकाश उपाध्याय और कांग्रेसी नेता अभय गुप्ता के बीच बीते पंचायती चुनाव से विवाद चलता आ रहा है, जो कि अब मारपीट तक जा पहुंचा। दोनों के बीच शुरुआत में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया।
जय प्रकाश उपाध्याय, पीड़ित भाजपा नेता
विवाद के दौरान कांग्रेसी नेता ने भाजपा नेता सहित महिलाओं पर डण्डे से हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों के सिर पर चोटें आई हैं। उनका ईलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।
एक घायल महिला को अम्बिकापुर रेफर किया गया है। सांसद प्रतिनिधि के साथ मारपीट की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता घटना स्थल पर जुट गये, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकी वक्त पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और आरोपी को उनके चंगुल से निकालकर सूरजपुर कोतवाली ले जाने में सफल रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी आदतन बदमाश है और उसने ही चार लोगों के साथ मारपीट की है। उसे पुलिस थाने में बैठाकर कार्रवाई की गई।