बस्तर में फोर्स पर गंभीर आरोप, गर्भवती समेत छह महिलाओं के साथ मारपीट
घायल महिलाओं को उपचार के लिए गंगालूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़िए पूरी खबर-

बीजापुर। बस्तर के एड़समेटा इलाके में फोर्स के जवानों पर गर्भवती आदिवासी महिला समेत 6 महिलाओं के साथ बेहरमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकले जवानों ने यहां पहले तो सल्फी पी। सल्फी के पैसे मांगने पर उन्होंने महिलाओं के साथ मारपीट की है।
दूसरी तरफ आईजी पी.सुंदरराज ने इस आरोप पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उस इलाके में हमारे जवानों जरूर गए थे। तीन दिनों में वहां छह एनकाउंटर भी हुए हैं, लेकिन मारपीट करने के आरोप में सत्यता की संभावना नहीं है। आईजी ने हालांकि यह भी कहा है कि शिकायत आई है, तो इन आरोपों की जांच भी कराएंगे।
जानकारी मिली है कि घायल महिलाओं को उपचार के लिए गंगालूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में कमली कारम/ सन्नू, लखमी कारम/ लख्खू, कमली कारम/ बुधरा, बुदी कारम, सन्नू, आयते कारम/ बुधराम और हुंगी कारम पति सन्नू कारम शामिल हैं। इनमें से हुंगी की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।