छत्तीसगढ़: लॉकडाउन के बीच मनरेगा ने बनाया रिकॉर्ड, 20 लाख श्रमिकों को एक साथ रोजगार
आंकड़ों के मुताबिक 44,280 कार्यों में 20,13,224 मजदूरों को मिला है काम। पढ़िए पूरी खबर-

रायपुर। लॉकडाउन के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश को बड़ी उपलब्धि मिली है। दरअसल छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार मनरेगा में लॉकडाउन के दौरान लगभग 20 लाख मजदूर काम कर रहे हैं। लॉकडाउन की अवधि में पूरे देश में यहां सबसे अधिक मजदूरों को काम मिला है। जारी किये गए आंकड़ों के मुताबिक 44,280 कार्यों में 20,13,224 मजदूर काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि लॉकडाउन की वजह से पूरे देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई थी। इससे ग्रामीणों की अर्थव्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हुई और आवश्यक सेवाओं के लिए भी किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। वहीं केंद्र और राज्य सरकार के सामने सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों की अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करना एक बड़ी चुनौती थी। इसके बाद ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को ठीक करने की मंशा के तहत छत्तीसगढ़ में भी दूसरे राज्यों की तरह मनरेगा का काम शुरू किया गया।
खास बात ये है कि मनरेगा के काम शुरू हुए तो पहले ही दिन छत्तीसगढ़ ने यह रिकॉर्ड बना दिया है। छत्तीसगढ़ पूरे देश में लॉकडाउन के दौरान सबसे अधिक श्रमिकों को मनरेगा में काम देने वाले राज्यों की सूची में सबसे आगे है।