Stock market closing: भारतीय शेयर बाजार के लिए हफ्ते की शुरुआत शानदार रही। सेंसेक्स और निफ्टी-50 में सोमवार को जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली। शुरुआती गिरावट के बाद बाजार ने जोरदार वापसी की और दोपहर करीब 2:20 बजे सेंसेक्स 662.98 अंक यानी 0.9% बढ़कर 73982.52 पर पहुंच गया जबकि निफ्टी 208.65 अंक चढ़कर 22921.75 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा।
बाजार की ब्रेड्थ भी सकारात्मक रही। कुल 2846 शेयरों में तेजी आई जबकि 1094 शेयर गिरे और 161 में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेक्टर की बात करें तो फार्मा और ऑयल-गैस को छोड़कर लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी 1% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।
शेयर बाजार में आई तेजी
निफ्टी-50 में ट्रेंट लिमिटेड, टाइटन कंपनी और अडानी एंटरप्राइजेस के शेयरों में 7% तक की तेजी देखने को मिली। वहीं ओएनजीसी और जेएसडब्ल्यू स्टील में 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
सुबह के कारोबार में बाजार दबाव में था। सेंसेक्स करीब 590 अंक गिरकर 72728 पर और निफ्टी 170 अंक गिरकर 22542 तक आ गया था। लेकिन बाद में खबरों और खरीदारी के दम पर बाजार ने रफ्तार पकड़ ली।
इन कारणों से आई तेजी
ईरान-अमेरिका सीजफायर की उम्मीद: रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर का प्रस्ताव सामने आया है। कहा जा रहा है कि पाकिस्तान ने एक फ्रेमवर्क तैयार कर दोनों देशों को सौंपा है। इससे स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज खुलने की उम्मीद बढ़ी है, जो ग्लोबल व्यापार के लिए अहम है। हालांकि, बाद में ऐसी खबरें भी आईं कि ईरान ने सीजफायर के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है लेकिन इसके बावजूद बाजार में घबराहट नहीं दिखी और हरे निशान पर भी बंद हुआ।
रुपया मजबूत हुआ: भारतीय रुपया 33 पैसे मजबूत होकर 92.85 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
बैंकिंग शेयरों में खरीदारी: हालिया गिरावट के बाद बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। बैंक निफ्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक में 2 फीसदी की तेजी आई। बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर 3 से 4 फीसदी चढे। आईटी सेक्टर में भी करीब 1% की तेजी आई, क्योंकि मार्च तिमाही के बेहतर नतीजों की उम्मीद है।
आगे क्या संकेत?
विशेषज्ञों के मुताबिक अगर निफ्टी 22525 के नीचे जाता है तो गिरावट बढ़ सकती है। वहीं 22770 के आसपास मजबूत रेजिस्टेंस माना जा रहा।
(प्रियंका कुमारी)