निकालना है निकाल दो, धमकी मत दो: बीजेपी के शत्रु
शत्रुघ्न ने ट्वीट किया, हम पार्टी का जनाधार तैयार करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं।
भाजपा नेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा अपनी बेबाकी से अक्सर मीडिया की सुर्खियों में रहते हैं। अब सिन्हा ने बिहार के वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील मोदी को खुले आम चुनौती दी है कि वो धमकी देने के बजाय उन्हें पार्टी के बाहर करवा दें।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, मैं कई सालों से पार्टी से निकाले जाने की बात सुन रहा हूं। कृपया धमकी देना बंद करें। आप मुझे निकाल क्यों नहीं देते?
शत्रु और सुशील मोदी के बीच ट्विटर पर तब संग्राम शुरू हो गया जब शॉटगन ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव का बचाव करते हुए कह दिया कि नकारात्मक राजनीति बंद होनी चाहिए और दोनों नेताओं पर निराधार आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए।
शत्रु के बयान से सुशील मोदी खफा हो गये और उन्होंने इशारों ही इशारों में कह दिया कि गद्दारों को पार्टी से निकाल दिया जाना चाहिए।
इसे भी पढें- भाजपा के 'शत्रु-मोदी' में छिड़ा ट्विटर वॉर, एक दूसरे पर जमकर साधा निशाना
शत्रु ने ट्वीट किया, भाजपा को जी-हुजूर और चमचे बरबाद कर रहे हैं जो दीवार पर लिखी इबारत नहीं पढ़ पा रहे हैं। हमारे पास नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त नेता है जो देश को आगे ले जा रहा है।
शत्रुघ्न ने परोक्ष रूप से पार्टी नेताओं पर जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का भी आरोप लगा दिया। शत्रुघ्न ने ट्वीट किया, हम पार्टी का जनाधार तैयार करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं।
मेरी पार्टी ने चुनाव के दौरान में प्रचार अभियान तक के लिए नहीं बुलाया। ठीक है, आप मेरी कद्र मत कीजिए। मेरी अनदेखी कीजिए। लेकिन निकालने की बात कहकर मेरा अपमान मत कीजिए। मैं ऐसी बातों से बिल्कुल नहीं डरता।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App