गर्व है बिहार की शिवांगी पर, देश की बनी पहली नेवी महिला पायलट
सब लेफ्टिनेंट शिवांगी ने पायलट की कमान संभाल कर देश की पहली महिला पायलट बन गई हैं। बिहार के साथ पूरा देश शिवांगी पर गर्व महसूस कर रहा है।

भारतीय नौसेना की सब लेफ्टिनेंट शिवांगी सोमवार को देश की पहली नौसेना महिला पायलट बन गई है। शिवांगी ने सोमवार को अपना ऑपरेशन प्रशिक्षण पूरा कर लिया और कोच्चि नेवी बेस में नौसेना के शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति में ऑपरेशन ड्यूटी की कमान संभाल ली। 24 वर्षीय शिवांगी निगरानी विमान डोर्नियर-228 को उड़ाएंगी। यह विमान हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा तैयार किया गया है। इसके अलावा भी शिवांगी को नौसेना के कई विमानों को उड़ाने का अभ्यास है। शिवांगी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नौसेना की पहली महिला पायलट बनना मेरे लिए गर्व की अनुभूति है। उन्होंने कहा, महिलाएं नौसेना में तो काफी समय से हैं लेकिन कॉकपिट में नहीं थीं।
शिवांगी के इस मिसाल से नौसेना में पायलट बनने की चाहत रखने वाली महिलाओं को काफी प्रेरणा मिलेगी। शिवांगी का सपना शुरू से ही पायलट बनने का था। उन्होंने दक्षिणी नौसेना कमान के वाइस एडमिरल एके चावला से अपना 'क्वालिफिकेशन विंग' प्राप्त किया। शिवांगी ने प्रारंभिक शिक्षा मुजफ्फरपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल से हासिल की है। इसके बाद सिक्किम मणिपाल प्रौद्योगिकी संस्थान से बीटेक किया है। शिवांगी ने 27 एनओसी कोर्स के तहत एसएसी (पायलट) परीक्षा उत्तीर्ण की और नेवी में कमीशन हासिल किया। शिवांगी ने कहा बचपन के सपने को साकार करने में हमारे परिवार ने मदद में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कभी रक्षा बलों में शामिल होने की इच्छा पर सवाल नहीं उठाया।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App