शराबबंदी के बाद अब बिहार में दहेजबंदी
चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुधारों की वकालत की है।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए चम्पारण सत्याग्रह के 100 साल पूरे होने पर आयोजित चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुधारों की वकालत की है।
समारोह का उद्घाटन करते हुए पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर के ज्ञान भवन में उन्होंने कहा कि बिहार आज देश को सामाजिक बुराइयों से लड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार ने शराबबंदी लागू कर न सिर्फ एक नई मिसाल पेश की है बल्कि सच्चे मायने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी है।
टाइम्स ऑफ इंडिया, के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य में दहेजबंदी लागू की जाएगी। सरकार दहेजबंदी और बाल विवाह को रोकने के लिए नया कानून बनाने की दिशा में काम कर रही है।
महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी के बाद नशामुक्ति की दिशा में भी उनकी सरकार काम कर रही है।
इस दौरान नीतीश ने साइकिल योजना की भी तारीफ की और कहा कि यह सामाजिक बदलाव लाने में सफल रहा है। सीएम ने कहा कि बापू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार गांधी जी पर लघु फिल्म बनवाएगी और उसे राज्यभर के गांवों में दिखाया जाएगा।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App