बिहार में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा मरीज, संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुआ 170
बिहार (Bihar) में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा मरीज पाए गए हैं। नए मरीजों के साथ कुल कोरोना संक्रमितों (Coronavirus) की संख्या बढ़कर 170 हो गई है।

बिहार (Bihar) में संक्रमण के आंकड़े में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। राज्य में पिछले 24 घंटों की स्थिति की बात करें तो सबसे ज्यादा 27 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इनमें से पटना के खाजपुरा में 8, कैमूर में 8, रोहतास में 6, मुंगेर में 4, सिवान में 1 कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) मामले सामने आए हैं।
इससे अब तक कुल कोरोना मरीजों की संख्या 143 से बढ़कर 170 हो गई है। वहीं राजधानी पटना की बात की करें तो सबसे ज्यादा 25 केस पाए गए हैं। इसके चलते पटना अभी भी रेड जोन (Red Zone) में ही चल रहा है। बताया जा रहा है कि खाजपुरा में एक महिला सबसे पहले संक्रमित मिली थी। इनके संपर्क में आने से ही केस में बढ़ोतरी हुई है।
मुंगेर में कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। यहां अब तक 31 मरीज पाए गए हैं। सासाराम की संक्रमित महिला के संपर्क में आए 6 और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। कोरोना के नए जिले कैमूर में रोहतास की एक कोरोना संक्रमित महिला के संपर्क के कारण एक दिन में 8 मरीज पाए गए हैं।
मरीजों की संख्या 143 से बढ़कर 170
बिहार में अब तक कोरोना वायरस के 170 पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से सबसे ज्यादा सीवान में 30, मुंगेर में 31, बेगूसराय में 9, नालंदा में 29, पटना में 25, गया में 5, गोपालगंज में 3, नवादा में 3, बक्सर में 8, कैमूर में 8, सारण में 1, लखीसराय में 1 संक्रमित मरीज पाए गए हैं।
इसके अलावा भागलपुर में 5, वैशाली में 1, भोजपुर में 1, रोहतास में 7, पूर्वी चंपारण में 1, बांका में 1 कोरोना मरीज पाए गए हैं। इनमें से 43 लोग पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। मुंगेर और वैशाली में एक-एक युवक की जान गई है।