Faridabad Firing: 2 दिन पहले लड़की के घरवालों से मांगी थी माफी, अब मारी गोली, जानें पूरा मामला...
Faridabad Firing: फरीदाबाद के श्याम पार्क में एक युवक ने एक लड़की को गोली मार दी और फरार हो गया। कहा जा रहा है कि आरोपी काफी दिनों से लड़की का पीछा कर रहा था।
Faridabad Crime: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ के श्याम पार्क इलाके में एक युवक एक लड़की को दिनदहाड़े गोली मारकर फरार हो गया। इस मामले में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से लड़की का पीछा कर रहा था। हालांकि दो दिन पहले उसने लड़की के घरवालों के सामने अपने बर्ताव को लेकर माफी भी मांगी थी। हमलावर की पहचान 20 वर्षीय जतिन मंगला के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुरुग्राम के सोहना का रहने वाला है। सोमवार को 17 वर्षीय कनिष्का जब लाइब्रेरी से लौट रही थी, इसी दौरान उसको 20 वर्षीय जतिन नाम के आरोपी ने गोली मार दी। उसके कंधे और पेट में गोली लगी। आनन-फानन में कनिष्का को अस्पताल ले जाया गया। सेक्टर-8 के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हालत अभी स्थिर है।
'कनिष्का को काफी दिनों से परेशान कर रहा था जतिन'
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भगत सिंह कॉलोनी में रहने वाली कनिष्का ओपन एजुकेशन बोर्ड से 12वीं की छात्रा है। जतिन मंगला और पीड़िता की मुलाकात एक लाइब्रेरी में हुई थी। आरोपी पीड़िता को पिछले काफी दिनों से परेशान कर रहा था। बल्लभगढ़ के एसएचओ श्मशेर सिंह ने बताया कि आरोपी ने 6 महीने पहले क्लासमेट लाइब्रेरी में एडमिशन लिया था। पीड़िता एक साल पहले से वहां जा रही थी।
अकाउंटेंट के रूप में काम करता है जतिन
लाइब्रेरी मैनेजमेंट का कहना है कि जतिन पास के एक कॉलेज में अकाउंटेंट के रूप में काम करता है। अधिकारी ने कहा कि जतिन लड़की को अकेला नहीं छोड़ता था। वो उसके आसपास चक्कर लगाया करता था। इस कारण 15 दिनों के अंदर ही उसकी लाइब्रेरी की सदस्यता खत्म कर दी गई थी। इसके बाद कनिष्का को भी हटा दिया गया था। 5 महीने पहले कनिष्का ने दोबारा वहां एडमिशन ले लिया, लेकिन जतिन को एडमिशन नहीं दिया गया। इसके बाद आरोपी कनिष्का का पीछा करता रहा और बाद में उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि एक लड़का सड़क किनारे खड़ा होता है। थोड़ी देर में 3 लड़कियां उधर से गुजरने लगती हैं। इसी दौरान आरोपी एक लड़की को घेरकर रोक लेता है और बेहद करीब जाकर गोली मार देता है। इसके बाद बाइक पर बैठकर फरार हो जाता है।