नक्सलियों ने जारी किया वीडियो: सरेंडर करने वाले साथियों को बताया गद्दार, कहा- पार्टी को धोखा देकर रच रहे ख़त्म करने की साजिश
नक्सलियों ने सरेंडर करने वाले साथियों के खिलाफ वीडियो जारी कर उन्हें गद्दार बताया है। कहा- पार्टी और जनता को धोखा देकर हमें ख़त्म करने की साजिश रच रहे हैं।
नक्सलियों ने जारी किया वीडियो
गणेश मिश्रा- बीजापुर। छत्तीसगढ़ के भैरमगढ़ एरिया AC इंचार्ज और DVC मेम्बर के सक्रिय नक्सलियों ने 26 अक्टूबर को सरेंडर कर दिया। जिसके बाद से ही नक्सल संगठनों में खलबली मची हुई है। इसी बीच अब सरेंडर करने वाले साथियों के खिलाफ नक्सलियों ने गोंडी बोली में वीडियो जारी किया है। वीडियो में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को दिखाकर उन्हें गद्दार बताया गया।
नक्सलियों ने वीडियो के जरिये गोंडी में कहा है कि, पार्टी और जनता को धोखा देकर अब सब पलट गए है,अब जनता और जनताना सरकार को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं। अब JRD और भूमकाल के लोगों को फटाखा फोड़ने के साथ PLGA और मिलिशिया के लोगों को IED प्लांट करने से मना कर रहे हैं। संगठन को दो फाड़ में बांटकर स्मारकों को तोड़ा जा रहा है। MLM सिद्धांत को खत्म होने की बात कर रहे हैं, परंतु याद रखो ये सब रहेगा पर तुम कभी वापस नहीं आ पाओगे।
पैसे लेकर सरेंडर करने का लगाया आरोप
दूसरी ओर नक्सलियों के पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी ने एक प्रेस नोट जारी कर भैरमगढ़ एरिया में सक्रिय नक्सली नेता कमलू पुनेम पर दो लाख रुपये लेकर फरार होने और आत्मसमर्पण करने का आरोप लगाया है। बता दें कि, नक्सलियों के भैरमगढ़ एरिया में सक्रिय DVC मेम्बर और भैरमगढ़ एरिया AC इंचार्ज ने कमलू पुनेम ने 26 अक्टूबर को बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
सोनू और रूपेश के गुट का बताया सदस्य
नक्सलियों के पश्चिम बस्तर डिविजनल कमेटी ने समर्पण करने वाले नक्सली नेता को नक्सली नेता सोनू और रूपेश के गुट का बताया। कहा कि, उन्हीं से प्रेरित होकर समर्पण करने का आरोप लगाया है।