राजस्व अनुभाग की बड़ी कार्रवाई: सहकारी समिति अध्यक्ष के घर दी दबिश, अवैध धान और सरकारी बारदाना जब्त
बलौदा बाजार में राजस्व अनुभाग की टीम ने सहकारी समिति अध्यक्ष के घर दबिश दी। इस दौरान अवैध धान और सरकारी बारदाना जब्त किया गया।
सहकारी समिति अध्यक्ष के घर से अवैध धान और बारदाना जब्त
कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। भाटापारा- सिमगा राजस्व अनुभाग की टीम ने सहकारी समिति अध्यक्ष के घर दबिश दी। इस दौरान अध्यक्ष के घर से 60 बोरी अवैध धान और 110 नग नया बारदाना जब्त किया गया। हैरानी की बात यह है कि, जब्त किए गए इन खाली बारदानों पर 'छत्तीसगढ़ राज्य विपणन संघ का स्पष्ट रूप से मुद्रांकन पाया गया है।
बता दे कि, ये वही सरकारी बारदाने हैं जिन्हें मंडियों में धान खरीदी के लिए आधिकारिक रूप से सप्लाई किया जाता है। ग्राम बनसांकरा में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान धान खरीदी समिति अध्यक्ष सुनील नायक और पुरुषोत्तम नायक के निजी गोदाम से समिति के नए बारदाने मिले हैं।इनमें भरे हुए 40 बोरी, 20 बोरी धान, कुल 60 बोरी अवैध धान के साथ ही करीब 110 नए खाली बारदाने जब्त कर सहकारी समिति चौरेंगा (चंदेरी) को सुपुर्द किया गया।
बड़े पैमाने में हेराफेरी की आशंका
इस कार्रवाई के बाद एक बड़ा सवाल उठ खड़ा हो रहा है कि, जब बारदानों पर स्पष्ट रूप से छत्तीसगढ़ राज्य विपणन संघ लिखा हुआ था, तो समिति अध्यक्ष के घर कैसे पहुंचा। क्या यह सरकारी आपूर्ति में हेराफेरी का मामला है या समिति स्तर पर बारदानों का दुरुपयोग किया जा रहा था। फिलहाल मामले में गहनता से जांच के बाद ही तथ्य सामने आएगा।