किसान ने की आत्महत्या की कोशिश: कांग्रेसियों ने फूंका सरकार का पुतला, विरोध में जमकर लगाए नारे
धान खरीदी केंद्र में किसान ने टोकन ना मिलने से परेशान होकर अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। जिसके विरोध में कांग्रेस ने सरकार पुतला फूंका।
सरकार का पुतला फूंकते हुए कांग्रेसी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सेनभाठा गांव के किसान मनबोध गांडा ने धान बेचने के लिए टोकन न मिलने से परेशान होकर अपने ही गले पर ब्लेड से हमला कर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद सियासत तेज हो गई है। रविवार को राजधानी रायपुर के उरला में कांग्रेस ने सरकार का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में कांग्रेसी नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पंकज शर्मा, विकास उपाध्याय, प्रमोद दुबे, शहर अध्यक्ष कुमार मेनन, शिव सिंह ठाकुर, विनोद कश्यप, दीपेश सिंह, योगेंद्र सोलंकी, डीगेंद्र सिन्हा, कृपाराम निषाद, बाबा खान, लखन साहू सहित कई लोग मौजूद थे।
यह था पूरा मामला
आपको बता दें कि, किसान मनबोध गांड़ा धान बेचने के लिए कई दिनों से परेशान था। लेकिन धान बेचने के लिए टोकन नहीं मिल रहा था इसी बात से परेशान होकर उसने ब्लेड से खुद का गला काट लिया। जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के बाग उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है। जहां उसका इलाज जारी है।
तीन दिनों से काट रहा था चक्कर
किसान अपनी धान बेचने के लिए बीते 3 दिनों से चॉइस सेंटर का चक्कर काट रहे थे, लेकिन उसे टोकन नहीं मिल रहा था। परिजनों ने बताया कि हर बार मोबाइल नंबर से संबंधित कुछ परेशानी बताई जा रही थी। परिजनों का कहना है कि, धान की फसल बाहर रखी थी ऐसे में किसान परेशान था। इसी टेंशन में आकर उसने अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। किसान के गला काटकर सुसाइड करने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मच गया है।